

अल्मोड़ा- सोमेश्वर उपजिला अस्पताल में एक्सरे मशीन और एंबुलेंस लंबे समय से खराब होने के कारण मरीजों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अस्पताल प्रशासन से मुलाकात की।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सीएमएस डॉ. कमलेश जोशी से मुलाकात कर समस्याओं को शीघ्र दूर करने की मांग उठाई।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों को जांच के लिए परेशान होना पड़ रहा है।वहीं अस्पताल की एंबुलेंस भी कई दिनों से खराब होने के कारण मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने अस्पताल प्रशासन से दोनों समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट ने कहा कि उपजिला अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है।ऐसे में एक्सरे मशीन और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सुविधाओं का लंबे समय तक बंद रहना मरीजों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहा है।उन्होंने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने को कहा। सीएमएस डॉ. कमलेश जोशी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि एक्सरे मशीन और एंबुलेंस की समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि चार दिन के भीतर दोनों व्यवस्थाओं को ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर आगे भी निगरानी रखी जाएगी ताकि मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।इस अवसर पर राजू भट्ट,भुवन दोसाद, प्रकाश खाती,हीरा मेहरा, रणजीत बोरा,कैलाश कुमार, गणेश बजेठा और नवल किशोर जोशी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
