अल्मोड़ा- उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ओर से प्रदेश के जनसरोकारों, उत्तराखंड की अस्मिता और पहाड़ के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रस्तावित उत्तराखंड उत्थान यात्रा के कुमाऊं प्रथम चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला यूकेडी कार्यालय अल्मोड़ा में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि उत्तराखंड उत्थान यात्रा का कुमाऊं प्रथम चरण 11 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी से शुरू होगा और 15 अक्टूबर को अल्मोड़ा नगर में प्रवेश करेगा।यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला संगठन की विभिन्न इकाइयों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।यात्रा को सफल बनाने के लिए युवा प्रकोष्ठ,महिला प्रकोष्ठ और सैनिक प्रकोष्ठ को विशेष दायित्व सौंपे गए हैं। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को यात्रा से जोड़ने और गांव-गांव तक संगठन की विचारधारा एवं जनसरोकारों को पहुंचाने का आह्वान किया गया। बैठक में जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा के रात्रि विश्राम को भी सुनिश्चित किया गया।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड के मूल सवालों को लेकर जनता के बीच व्यापक संवाद स्थापित करना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य, पहाड़ के अधिकार और स्थानीय संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे मुद्दों को यात्रा के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा।उत्तराखंड उत्थान यात्रा के दौरान दौलाघट में उत्तराखंड क्रांति दल के नए कार्यालय का शुभारंभ भी किया जाएगा। पार्टी ने इसे क्षेत्र में संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने और आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। यात्रा के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सुनने और उन्हें संगठन के मंच से उठाने का प्रयास किया जाएगा।बैठक के दौरान युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रवि नेगी ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कमलेश जोशी को युवा प्रकोष्ठ का जिला महामंत्री नियुक्त किया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला महामंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि कमलेश जोशी के जुड़ने से युवा शक्ति को संगठन से जोड़ने और यूकेडी को गांव एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने में मदद मिलेगी।जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड उत्थान यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पहाड़ की जनता के साथ सीधे संवाद और उत्तराखंड की मूल भावनाओं को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।जिला महामंत्री देवेश जोशी ने कहा कि यात्रा को जन-जन की यात्रा बनाने के लिए संगठन की प्रत्येक इकाई को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य और पहाड़ के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर यूकेडी जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगा।बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय सचिव त्रिलोक लटवाल,विनय किरोला, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रवि नेगी,महानगर युवा अध्यक्ष वंस कनवाल,जिला महामंत्री देवेश जोशी,प्रताप बिष्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष चंदन सिंह,कोषाध्यक्ष गोपाल बनोला,यूएसएफ अध्यक्ष दीराज बेसोरा,सुजीत तम्टा, अक्षय तम्टा,जिला उपाध्यक्ष केदार सिंह और राकेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड उत्थान यात्रा को सफल बनाने तथा संगठन को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *