अल्मोड़ा-विरासत हमर अल्मोड़ा संस्था द्वारा आज भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष,अल्मोड़ा से पहली बार कमल चुनाव चिन्ह पर विजय प्राप्त करने वाले पूर्व पर्वतीय विकास मंत्री स्वर्गीय पूरन चंद्र शर्मा की जयंती के अवसर पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वर्गीय शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में विरासत हमर अल्मोड़ा के संयोजक राजीव गुरुरानी ने कहा कि स्वर्गीय पूरन चंद्र शर्मा उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की मजबूत नींव रखने वाले उन अग्रणी नेताओं में थे जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में जनसंघ और भाजपा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शर्मा तथा गोविंद सिंह बिष्ट जैसे नेताओं ने जिस समर्पण और संघर्ष के साथ संगठन को खड़ा किया वह आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पूरन चंद्र शर्मा और गोविंद सिंह बिष्ट जैसे वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड में भाजपा का दीप जलाया और कमल को खिलाने का कार्य किया।दुर्भाग्यवश आज ऐसे अनेक पुरोधा नेताओं का योगदान इतिहास के पन्नों तक सीमित होता जा रहा है।न तो उनके नाम पर कोई बड़ा संस्थान है और न ही सार्वजनिक स्थलों पर उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने के पर्याप्त प्रयास हुए हैं।हमारी मांग है कि प्रदेश सरकार इन महान नेताओं के योगदान को सम्मान देते हुए उनके नाम पर किसी महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना अथवा अल्मोड़ा जनपद में उपयुक्त स्थान पर उनकी आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने पर गंभीरता से विचार करे ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष,त्याग और राष्ट्रसेवा को जान सकें तथा उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सकें।स्वर्गीय पूर्ण चंद्र शर्मा के छोटे भाई गिरीश चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा आज अपने बड़े भाई की जयंती पर उन्हें स्मरण करते हुए मैं भावुक हूं।विरासत हमर अल्मोड़ा द्वारा उन पुराने जनसंघ और भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की स्मृतियों को पुनर्जीवित करने का जो अभियान चलाया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। जिन लोगों ने संगठन को खड़ा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनके परिवारों को सम्मान देना वास्तव में एक अनुकरणीय पहल है। भविष्य में जनसंघ और भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों की एक विशेष गोष्ठी आयोजित की जानी चाहिए, जिससे नई पीढ़ी संगठन के इतिहास और उसके मूल्यों से परिचित हो सके।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय पूरन चंद्र शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके द्वारा स्थापित आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। संस्थान ने कहा कि भविष्य में भी अल्मोड़ा और उत्तराखंड के उन विभूतियों को सम्मानित करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिन्होंने समाज, संगठन और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य राजीव गुरुरानी, ईश्वर उपाध्याय, इंदर सिंह नेगी, पूर्व सभासद दीपक वर्मा, कृष्णा तिलारा , कमलेश सनवाल ,हरीश जीना, सुरेश शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *