अल्मोड़ा-पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (NMOPS) अल्मोड़ा इकाई ने उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंपकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के संकल्प पत्र में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को प्रमुखता से शामिल करने तथा सरकार गठन की स्थिति में इसे लागू करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता व्यक्त करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारी, शिक्षक एवं अन्य कार्मिक नई पेंशन योजना (NPS) के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) लागू किए जाने के बावजूद कर्मचारी एवं शिक्षक संगठन इसे पुरानी पेंशन योजना का विकल्प नहीं मानते हैं। कर्मचारियों की मांग है कि OPS को पुनः लागू कर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाए।NMOPS के जिलाध्यक्ष गणेश सिंह भंडारी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक स्थिरता का आधार है। कर्मचारी समाज अब राजनीतिक दलों से इस विषय पर स्पष्ट एवं लिखित प्रतिबद्धता की अपेक्षा रखता है।जिला मंत्री भूपाल सिंह चिलवाल ने कहा कि OPS बहाली लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों को अपना स्पष्ट दृष्टिकोण जनता के सामने रखना चाहिए।
जिला संरक्षक डॉ. मनोज जोशी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और इसकी बहाली सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।प्रांतीय कोर कमेटी सदस्य धीरेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि वर्षों से चल रहा OPS आंदोलन कर्मचारियों की एकजुटता और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 2005 तक सरकारों ने कभी पेंशन को घाटे का कारण नहीं बताया, जबकि इस दौरान देश ने कई चुनौतियों और युद्धों का सामना किया। उन्होंने तर्क दिया कि सांसदों और विधायकों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलने के बावजूद कर्मचारियों, शिक्षकों और अधिकारियों को इससे वंचित रखना प्राकृतिक न्याय के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का एकमात्र लक्ष्य पुरानी पेंशन की हूबहू बहाली है।कुमाऊँ मंडल उपाध्यक्ष गिरिजा भूषण जोशी ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल आर्थिक सुरक्षा ही नहीं बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के सम्मानजनक जीवन का आधार भी है। वहीं मदन पाटनी ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक वर्ग लंबे समय से OPS बहाली की मांग कर रहा है तथा इस विषय पर सकारात्मक निर्णय समय की आवश्यकता है।ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष गणेश सिंह भंडारी, जिला मंत्री भूपाल सिंह चिलवाल, जिला संरक्षक डॉ. मनोज जोशी, प्रांतीय कोर कमेटी सदस्य धीरेंद्र कुमार पाठक, कुमाऊँ मंडल उपाध्यक्ष गिरिजा भूषण जोशी एवं मदन पाटनी प्रमुख रूप से शामिल रहे।NMOPS ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारी हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए अपने संकल्प पत्र में OPS बहाली को शामिल करेगी तथा सरकार गठन की स्थिति में इसे लागू करने की सार्वजनिक प्रतिबद्धता व्यक्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *