अल्मोड़ा- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में स्प्रिंग डेल स्कूल, अल्मोड़ा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।विद्यालय की छात्रा स्वर्णिका भट्ट ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हिमानी, वैष्णवी और मेहराज ने 91-91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। मान्य तिवारी, अनुश्री, स्तुति और प्रियांशी ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा मनीषा ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योत्स्ना सोहनलाल ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन को बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पहले से ही पूरा विश्वास था।परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया।







