अल्मोड़ा-नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस की एसओजी टीम ने एक युवक को 12.60 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 3 लाख 78 हजार रुपये आंकी है।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 सितंबर को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान एसओजी टीम ने एचडीएफसी बैंक के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली।तलाशी में उसके कब्जे से 12.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान मयूर नेगी (28) पुत्र गजेन्द्र नेगी निवासी चम्पानौला अल्मोड़ा के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 103/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।उसके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में वर्ष 2017 से 2019 के बीच एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धारा 8/20, 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं।पुलिस अब बरामद स्मैक के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी है। जांच के माध्यम से मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला और कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *