


अल्मोड़ा-पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में 23 एवं 24 सितंबर को दो दिवसीय संस्कृत महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा से जोड़ना रहा।महोत्सव में विद्यार्थियों के लिए संस्कृत वाद-विवाद, आशुभाषण,समूह नृत्य, समूह गान एवं समूह नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं में समूह नाटक में जीजीआईसी अल्मोड़ा,समूह गान में जीईसी बिरौड़ा तथा समूह नृत्य में जीजीआईसी अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य मदन सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. गिरीश चंद्र जोशी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व से अवगत कराते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान और परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने में भी सहायक हैं।कार्यक्रम का संचालन डॉ. गोविंद सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रेरणा गुरुरानी, दीपक पांडे, डॉ. गिरीश जोशी, निर्मल कुमार पंत, ललित प्रकाश, राजेंद्र प्रसाद पंत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। दो दिवसीय संस्कृत महोत्सव विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
