

अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक कार्यकर्ताओं के साथ की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान अभियान की रूपरेखा, बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्य, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया तथा आम जनता को जागरूक करने जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत सही एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य करती रही है और एसआईआर अभियान भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और जिन मतदाताओं के नाम या विवरण में त्रुटियां हैं, उनका समय रहते संशोधन कराया जाए।उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं,यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा तो राष्ट्र व्यापी यह अभियान पूरी तरह सफल होगा। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। श्री कर्नाटक ने कहा कि बूथ स्तर पर लगातार संवाद स्थापित कर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देना भी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी गलत व्यक्ति का नाम नामांकन सूची में ना हो यह भी हमें सुनिश्चित करना होगा।बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सुझाव साझा किए। इस दौरान मतदाता सूची में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, आवश्यक दस्तावेजों, समय-सीमा तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने भरोसा दिलाया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक संशोधन कराने में हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और कोई भी व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सेवा, संगठन और जनहित की भावना के साथ इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें तथा बूथ स्तर तक इसकी प्रभावी निगरानी करें।बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर एसआईआर अभियान को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।बैठक में देवेंद्र कर्नाटक, हयात सिंह बिष्ट, कमलेश कर्नाटक, कैलाश तिवारी, अमन बोरा, भूपेंद्र भोज, अमित बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, अभिषेक तिवारी, हिमांशु कनवाल, गौरव कांडपाल, कोमल जोशी, सुधीर कुमार, दिनेश आर्य, रोहित कमलता, ललित जनौटी, प्रकाश मेहता, प्रियांशु कनवाल, राहुल कनवाल, निकेश कनवाल, शुभम कुमार, रोहित कनवाल, अभिषेक कनवाल, भूवित कनवाल एवं पवन जोशी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
