अल्मोड़ा-अल्मोड़ा जनपद से 39 चिकित्सकों के किए गए स्थानांतरणों को निरस्त करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा एवं नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने शुक्रवार को राज्यपाल उत्तराखंड के नाम जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया।कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादलो से पूरे कुमाऊं मंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।उन्होंने राज्यपाल से जनहित में हस्तक्षेप करते हुए स्थानांतरण आदेशों की पुनः समीक्षा कर इन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि अल्मोड़ा जनपद कुमाऊं मंडल का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है जहां केवल अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि बागेश्वर,पिथौरागढ़ और अन्य सीमांत क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।बेस चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को सामान्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।ऐसे में बड़ी संख्या में चिकित्सकों के स्थानांतरण से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा जाएंगी और मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए एक साथ 39 चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया है।इनमें जनरल सर्जन,फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ,ईएनटी सर्जन,स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित कई महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इन चिकित्सकों के स्थानांतरण से न केवल जिला चिकित्सालय और बेस चिकित्सालय की सेवाएं प्रभावित होंगी बल्कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी उपचार के लिए भटकना पड़ेगा।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई चिकित्सकों के तबादले उनकी पारिवारिक परिस्थितियों एवं शासनादेशों के अनुरूप नहीं किए गए हैं।इससे चिकित्सकों और उनके परिवारों के समक्ष भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।कांग्रेस ने मांग की कि सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन स्थानांतरणों पर पुनर्विचार करे तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए चिकित्सकों को पूर्ववत तैनाती पर रखा जाए।कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज,नगर कांग्रेस अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, जिला सचिव गीता मेहरा, पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती,कुंदन भंडारी, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, जिला प्रवक्ता निर्मल रावत, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी,मनोज वर्मा, गोविंद मेहरा,हेम आर्य,मुकेश कुमार,जगदीश तिवारी,कृष्णा बिष्ट,हरीश भट्ट,कन्नू बिष्ट सहित कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *