अल्मोड़ा-भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना को लेकर भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रहे सामाजिक व जनसंख्या संबंधी बदलावों को सही ढंग से दर्ज करने के लिए आवश्यक है कि प्रवासी लोग जनगणना के समय अपने-अपने गांवों में उपस्थित रहकर अपनी गणना अवश्य कराएं।उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को लेकर एक संवाद समूह का गठन किया गया है, जिसमें जनगणना से जुड़े हुए विभिन्न पहलुओं और पहाड़ी क्षेत्रों पर इसके प्रभाव को लेकर चर्चा की जा रही है। इस पहल का मुख्य लक्ष्य प्रवासियों को जागरूक करना और उन्हें अपनी जन्मभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि यदि सभी प्रवासी मिलकर इस अभियान में भाग लेते हैं, तो इससे न केवल सही आंकड़े सामने आएंगे, बल्कि विकास योजनाओं को भी बेहतर दिशा मिल सकेगी। उन्होंने सभी साथियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें और इस जनहितकारी उद्देश्य को सफल बनाने में सहयोग दें।
