अल्मोड़ा-नगर की जर्जर सड़कों से परेशान आमजन को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।अल्मोड़ा में सड़कों के सुधार के लिए हॉट मिक्स का कार्य बहुत जल्द प्रारंभ किया जाएगा।इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश गुरुरानी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता हर्षित गुप्ता से मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडल की मांग पर अधिशाषी अभियंता ने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और बहुत जल्द निर्धारित समय के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी ने कहां कि विपक्ष जानकारी के अभाव में लगातार सड़कों को लेकर अनर्गल बयान बाजी कर रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा पूर्व में ही इस हेतु लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया था जिसके परिणाम स्वरूप कर्बला से लक्ष्मेश्वर तक हॉट मिक्स के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं।इसके साथ ही कर्बला से धारानौला तक पेचिंग वर्क के टेंडर भी स्वीकृत हो चुके हैं जिन पर बहुत जल्द कार्य प्रारंभ हो जाएगा। पार्षद अमित शाह मोनू ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं सूबे के मुख्यमंत्री लगातार विकास कार्यों को तेजी से करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दे रहे हैं।जिस सड़क को लेकर विपक्ष के लोग हो हल्ला मचा रहे हैं उस सड़क के हॉट मिक्स के लिए पूर्व में ही कार्यवाही की जा चुकी है।उन्होंने कहा कि शायद विपक्ष को यह खबर आ गई थी कि बहुत जल्द अल्मोड़ा की सड़कों को हॉट मिक्स किया जाना है जिसका झूठा श्रेय लेने के लिए विपक्ष ने सोची समझी रणनीति के तहत सड़क के गड्ढों के मुद्दे को सोशल मीडिया के माध्यम से उछालना प्रारंभ किया जिससे कि इस कार्य का झूठा श्रेय वे ले सकें।उन्होंने कहा कि विपक्ष यह भूल गया की सड़क के हॉट मिक्स एवं गड्ढे भरने की प्रक्रिया पिछले दो माह से गतिमान है जिसके कागज साक्ष्य के तौर पर लोक निर्माण विभाग में मौजूद है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री लगातार जनहित के कार्यों एवं विकास कार्यों पर प्रमुखता से ध्यान दे रहे हैं एवं बहुत जल्द अल्मोड़ा की सड़कों में हॉट मिक्स करने के साथ ही लक्ष्मेश्वर,एकता भवन,अरोमा ऑटोमोबाइल तथा अल्मोड़ा बुक डिपो में प्रस्तावित कल्वर्ट का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता से वार्ता करने वालो में पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन बिष्ट, मनोज सनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह शामिल रहे।विदित हो कि कुछ दिन पूर्व अल्मोड़ा जिले की सड़कों की बदहाल स्थिति पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की थी।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि अविलंब अल्मोड़ा जिले सहित नगर के मोटर मार्गों को गड्ढा मुक्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। इसके साथ ही विगत दिवस कांग्रेस के नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सड़को की बदहाल स्थिति पर अपनी बाते रखी थी एवं इन्हें दुरुस्त करने की शासन प्रशासन से मांग की थी।आपको बता देना चाहेंगे कि नगर की अधिकांश सड़को पर अनेक जगह गड्ढों के कारण आम जनता की खासा फजीहत हो रही थी।अनेक जगहों पर दो पहिया वाहन चालक गिरकर अनेक बार चोटिल भी हुए थे। बारहाल अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग के अनुसार कर्बला से लक्ष्मेश्वर तक हॉट मिक्स कार्य एवं कर्बला से धारानौला सड़क में पैच वर्क कार्य के टेंडर होने एवं एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारम्भ की बात कही गई है। यहां पर गौर करने वाली बात यह है कि जेल रोड में भी अधिकांश जगह गड्ढे बने हुए हैं लेकिन इस सड़क के गड्ढों का क्या होगा यह आज भी यक्ष प्रश्न बना हुआ है।
