



अल्मोड़ा-उच्च अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में गुरुवार रात 21 अगस्त को परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।चेकिंग के दौरान चार वाहन चालक शराब के नशे में वाहन संचालित करते पाए गए। सभी के विरुद्ध कोर्ट चालान की कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को आरटीओ कार्यालय में सीज किया गया।अभियान के दौरान एक भार वाहन (ट्रक) भी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया। यह ट्रक उत्तर प्रदेश के शामली से अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम जा रहा था, जिसमें करीब 25 यात्री सवार थे।भार वाहन में यात्रियों को बैठाकर ले जाने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान किया तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति की।इसी प्रकार एक पिकअप वाहन में यात्रियों को बैठाकर अल्मोड़ा लाया जा रहा था। यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई और चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर रात्रि चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग,यात्री वाहनों में नियमों की अनदेखी सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।संयुक्त प्रवर्तन टीम में परिवहन अधिकारी अखिलेश चौहान,प्रवर्तन चालक विपिन बिनवाल,प्रवर्तन सिपाही महेंद्र सिंह एवं प्रवीण पाठक तथा पुलिस टीम से इंटरसेप्टर प्रभारी उप निरीक्षक सुमित पांडे,प्रवर्तन सिपाही ललित आदि मौजूद रहे।
