






लमगड़ा-विकासखंड लमगड़ा के ग्रामसभा बलमा-छतोला और मेलखोल के ग्रामीणों ने सोमवार को टकोली बैंड से नौरा,बलमा-छतोला,उड्यूड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया।ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क की बदहाल स्थिति पर आक्रोश जताया।ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग का निर्माण हुए करीब दस वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक सड़क का डामरीकरण नहीं हो पाया है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को खराब और जोखिम भरे मार्ग से आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर पूर्व में कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से भाजपा की सरकार होने तथा क्षेत्र के विधायक और सांसद भी भाजपा से होने के कारण उन्हें सड़क के शीघ्र डामरीकरण की उम्मीद थी।मांग पूरी नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।जिला सचिव पूरन चंद्र पांडे के नेतृत्व में निकाली गई पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।प्रदर्शन में ग्राम प्रधान भुवन राम,पूर्व प्रधान प्रतिनिधि बसंत बल्लभ, उपप्रधान पुष्पा देवी,सुरेश पांडे,गौरी शंकर,मनोहर पांडे, पंकज पांडे,खीमानंद पांडे, आनंद बल्लभ पांडे,गोविंद राम,जगदीश राम,शिव राम, गिरीश चंद्र पांडे,बची राम पांडे सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों की मांग के समर्थन में कांग्रेस जिला सचिव दीवान सतवाल,ब्लॉक अध्यक्ष मनोज रावत,ब्लॉक उपाध्यक्ष जसवंत सतवाल और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पान सिंह सतवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए सड़क का जल्द डामरीकरण किए जाने की मांग उठाई।
