अल्मोड़ा-कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कठपुड़िया से कलोड़िया (कतूनियां) तक बनने वाले 1.850 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया। ₹55.60 लाख की लागत से बनने वाले इस मार्ग से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि सड़कें केवल संपर्क का माध्यम नहीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र के विकास और समृद्धि की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र की जनता को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नए मोटर मार्ग के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उत्तराखंड को हर क्षेत्र में सशक्त एवं आदर्श राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने बंगसर स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹3.50 लाख तथा कलोड़िया में बारातघर निर्माण के लिए ₹3 लाख विधायक निधि से उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, महामंत्री नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र मेहरा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र नयाल, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अशोक जलाल, वीरेंद्र चिलवाल, महेंद्र बिष्ट, ललित तिवारी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *