अल्मोड़ा- जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल आर्य कन्या इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विगत दिवस दन्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा कक्ष एवं प्रयोग शाला के निर्माण एवं चाहरदीवारी व क्रीड़ा स्थल निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद विद्यालय परिवार, छात्राओं, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण घोषणा का विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया गया है।आर्यकन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधन से जुड़े पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोषणा केवल एक निर्माण कार्य की स्वीकृति नहीं है, बल्कि हजारों छात्राओं के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों और मजबूत चाहरदीवारी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए पूरा करने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि आर्यकन्या इंटर कॉलेज अल्मोड़ा जनपद का एक प्रमुख बालिका शिक्षण संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययनरत हैं। समय के साथ छात्राओं की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसके चलते विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी। कई बार विद्यालय प्रशासन और प्रबंधन की ओर से इस संबंध में मांग भी उठाई गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा से अब इन आवश्यकताओं की पूर्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच दूरदर्शी है। प्रदेश सरकार लगातार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। चाहे विद्यालय भवनों का निर्माण हो, स्मार्ट क्लास की व्यवस्था हो या फिर छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्यकन्या इंटर कॉलेज में कक्ष निर्माण और चाहरदीवारी बनने से छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और अधिक प्रभावी हो सकेगी।भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल कर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री नयाल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जनपद अल्मोड़ा में विकास की अनेकों घोषणा की, जिसका लाभ जनपद के समस्त क्षेत्र वासियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आर्यकन्या इंटर कॉलेज में की गई घोषणा इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की चाहरदीवारी बनने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।महेश नयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश का प्रत्येक विद्यार्थी बेहतर संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सके। इसी सोच के तहत विभिन्न विद्यालयों में नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से छात्राओं को पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। वर्तमान में कई बार सीमित संसाधनों और कम कमरों के कारण व्यवस्थाओं पर दबाव बनता है। नए कक्ष बनने से इस समस्या का समाधान होगा तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा।वहीं चाहरदीवारी का निर्माण विद्यालय परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बालिका विद्यालय होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। मजबूत चाहरदीवारी बनने से छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही विद्यालय परिसर का सौंदर्यीकरण भी होगा।विद्यालय से जुड़े अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत किया है। श्री कर्नाटक का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के विकास कार्यों से छात्राओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि घोषणा शीघ्र धरातल पर उतरेगी और निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि आर्यकन्या इंटर कॉलेज अल्मोड़ा लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। अब आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विद्यालय और अधिक सशक्त होकर छात्राओं के सर्वांगीण विकास में योगदान दे सकेगा।
अंत में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं तथा क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह घोषणा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों तक हजारों छात्राओं को मिलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *