

अल्मोड़ा-हवालबाग विकासखंड के दौलाघाट में बृज लाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर हल्द्वानी के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हवालबाग के अध्यक्ष शिवराज नयाल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग एवं बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में करीब 300 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इस दौरान निशुल्क जांच एवं दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में बृज लाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. अजय पाल ने कहा कि मौसम परिवर्तन और पर्यावरण प्रदूषण के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में हृदय रोग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए महिलाओं से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज नयाल ने स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए डॉ. अजय पाल और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रमेश भाकुनी, कांग्रेस जिला महामंत्री दिनेश पिलख्वाल, पंकज पाठक, राजेंद्र नेगी, प्रकाश आर्या, कैलाश तिवारी, ताकुला ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर मेहता, मजखाली ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार, कमला आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
