अल्मोड़ा-मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत सोमवार को विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा जनपद की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी मातृशक्ति से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए स्टॉलों का वर्चुअल शुभारंभ एवं अवलोकन किया तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वरोजगार गतिविधियों की सराहना की।कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके हुनर और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बन चुके हैं और इनके माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।गंगा बिष्ट ने कहा कि पहाड़ की महिलाओं के पास हुनर और मेहनत की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उनके उत्पादों को उचित बाजार, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है, जिससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों की आय बढ़े और वे अपने परिवार के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में योगदान दे सकें।उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने और अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास देना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। सशक्त बहना उत्सव जैसे आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों और प्रतिभा को व्यापक मंच देने का अवसर मिल रहा है।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राम जी शरण शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और महिला समूहों की स्वरोजगार गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *