अल्मोड़ा-नगर के विवेकानंद पुरी वार्ड में एक महिला ने स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार स्थानीय मोहित साह अपनी पत्नी लता साह (38) और पुत्र के साथ विवेकानंद पुरी वार्ड में रहते हैं। सोमवार सुबह मोहित अपने 13 वर्षीय पुत्र को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना उन्हें दी। स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा भीतर से बंद था। मोहित के मौके पर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। तब तक लता साह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *