
अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा द्वारा शहर को कूड़ेदान मुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पांडेखोला स्थित सीएमओ कार्यालय के समीप शिव मंदिर के ऊपर स्थापित सार्वजनिक कूड़ेदान को सोमवार को हटाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम महापौर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के निर्देशानुसार की गई।नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सार्वजनिक कूड़ेदानों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को घरों से ही कचरा पृथक कर नगर निगम को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा होने की समस्या को समाप्त करना है।कूड़ेदान हटाने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद ज्योति साह, पार्षद अमित साह ‘मोनू’, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी, अमीन बसंत बल्लभ पांडे सहित स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग देने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में मोहन चंद्र पांडेय,अतुल पांडेय, पीयूष पांडेय, विनय पांडेय, दीवान सिंह सुपयाल, अशोक तिवारी, अनिल पंत, नवीन चंद्र बेलवाल, उमेश चंद्र पांडे, हरीश चंद्र बिष्ट, बंटी कोरंगा तथा त्रिभुवन पांडे सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सार्वजनिक कूड़ेदानों को हटाकर उन्हें “कूड़ेदान मुक्त क्षेत्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल अल्मोड़ा का निर्माण करना है,जिसमें जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
