अल्मोड़ा-जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने स्पष्ट किया है कि जिला चिकित्सालय को शिफ्ट करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।उन्होंने कहा कि विपक्ष स्वास्थ्य मंत्री के बयान को तोड़-मरोड़कर जनता के सामने पेश कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।उन्होंने साफ किया कि स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को स्थानांतरित करने की कोई बात नहीं कही है।कुंदन लटवाल ने कहा कि अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय प्रमुख जिला चिकित्सालय है और इसके स्थानांतरण को लेकर सरकार की ओर से कोई आदेश नहीं है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को अनावश्यक रूप से मुद्दा बना रही है और जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका आशय उन स्थानों से था जहां मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय एक ही परिसर अथवा एक-दूसरे से सटे हुए संचालित हो रहे हैं।स्वास्थ्य मंत्री ने जनहित में यह बात कही थी कि यदि मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय एक ही स्थान पर संचालित होंगे तो दोनों संस्थानों को अलग-अलग स्थानों पर विकसित करने से जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के अधिक विकल्प और बेहतर सुविधा मिल सकती है।लटवाल ने कहा कि इस बयान का अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को शिफ्ट किए जाने से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के संदर्भ में जिला चिकित्सालय को स्थानांतरित करने का न तो कोई आदेश जारी हुआ है और न ही सरकार ने ऐसा कोई निर्णय लिया है।कुंदन लटवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा विगत कई वर्षों से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता आ रहा है। वर्तमान में प्रदेश सरकार के प्रयासों से जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। अस्पताल में सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे सहित विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन के साथ ही कूल्हा प्रत्यारोपण और घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब जिला चिकित्सालय में लगातार सुविधाओं और सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है तो ऐसे में विवेकशून्य हो चुकी कांग्रेस को स्वयं सोचना चाहिए कि वृहद रूप लेता जिला चिकित्सालय आखिर बंद क्यों होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महज राजनीतिक लाभ के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अब मुद्दाविहीन हो चुका है। यही कारण है कि जनता को भ्रमित करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के मामलों को राजनीतिक रंग देकर सरकार को बदनाम करने और अपनी राजनीतिक वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है।दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विपक्ष द्वारा किए जा रहे दावों पर विश्वास करने से पहले वास्तविक तथ्यों की जानकारी लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *