





अल्मोड़ा-भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तराखंड में पहली बार युवा आयोग का गठन युवाओं की आवाज को संस्थागत मंच देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा,रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता को अपनी प्राथमिकताओं के केंद्र में रखा है।युवा आयोग के माध्यम से प्रदेश के युवाओं की समस्याओं,सुझावों और प्राथमिकताओं को सरकार तक पहुंचाने का मजबूत मंच मिलेगा।यह आयोग युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को प्रदेश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की युवा-केंद्रित सोच का उद्देश्य पहाड़ों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा कर पलायन की समस्या का समाधान करना है।इसी दिशा में पौड़ी,चमोली और अल्मोड़ा में तीन औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिलेंगे।शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।10 हजार मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए ₹7 करोड़ का प्रावधान किया गया है।वहीं 18 से 30 वर्ष के युवाओं को प्रशिक्षण तथा नया उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।अग्निवीरों और सीमांत क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।राज्य में अग्निवीर सेल बनाया गया है तथा सरकारी सेवाओं में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का निर्णय लिया गया है।रोजगार के क्षेत्र में सरकार के अनुसार 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक लाभार्थियों को ₹1,389 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिससे करीब 64,966 स्थानीय रोजगार सृजित हुए हैं।भाजपा का स्पष्ट मानना है कि युवा आयोग केवल एक घोषणा नहीं बल्कि युवाओं को अवसर,प्रतिभा को मंच और मेहनत को आगे बढ़ने का रास्ता देने की व्यापक सोच का हिस्सा है।प्रेस वार्ता में युवा मोर्चा के जिला महामंत्री चंदन बहुगुणा,युवा मोर्चा जिला मंत्री दिव्या जोशी,युवा मोर्चा जिला कार्यालय मंत्री मोहित बिष्ट,युवा मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य हिमाल शर्मा एवं अल्मोड़ा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष नीरज सांगा उपस्थित रहे।
