


अल्मोड़ा-उत्तराखंड सरकार में दर्जा मंत्री गोविंद पिलख्वाल के कार्यालय में गुरुवार को अल्मोड़ा नगर निगम में सरकार द्वारा हाल ही में नामित पार्षदों के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर दर्जा मंत्री ने सभी नव नामित पार्षदों का माल्यार्पण,शॉल ओढ़ाकर एवं मिष्ठान वितरित कर गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में उपस्थित पार्षदों का स्वागत करते हुए गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि सरकार ने जिन लोगों पर नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी है, वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास की महत्वपूर्ण इकाई है और पार्षद जनता तथा प्रशासन के बीच एक सशक्त कड़ी की भूमिका निभाते हैं।ऐसे में सभी नामित पार्षदों को नगर के समग्र विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगर निकायों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अल्मोड़ा नगर निगम में भी विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नामित पार्षद अपने अनुभव,समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ नगर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।दर्जा मंत्री ने कहा कि स्वच्छता,पेयजल,सड़क, प्रकाश व्यवस्था,पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय नगर निगम की प्राथमिकताओं में होने चाहिए।उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें।इस दौरान नव नामित पार्षदों ने भी दर्जा मंत्री गोविंद पिलख्वाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने नगर के विकास, स्वच्छता अभियान को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दोहराया।स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने सभी नामित पार्षदों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के अंत में नगर के विकास और जनसेवा के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिल्खवाल, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट,पार्षद अमित साह मोनू,पार्षद अभिषेक जोशी,पार्षद अर्जुन बिष्ट,वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र बिष्ट सहित नामित पार्षद जगमोहन बिष्ट,अजीत पवार,जगत तिवारी,कैलाश गुरुरानी, बीना नयाल, कृष्ण बहादुर सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
