अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कार्यालय अल्मोड़ा में रविवार को कांग्रेस की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 6 सितंबर 2026 को कांग्रेस विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की, जबकि संचालन कांग्रेस विचार मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी ने किया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप संगठन को मजबूत करना आवश्यक है।वक्ताओं ने बेरोजगारी,भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद तथा पर्यावरणीय संसाधनों के दोहन को बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि इन समस्याओं का सामना व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से ही किया जा सकता है।बैठक में तय किया गया कि 6 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।इस दौरान कांग्रेस विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुनेंगे।संवाद के आधार पर भविष्य के कार्यक्रमों और रणनीति को निर्धारित करने पर भी चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस का विचार ही आम जनमानस का विचार है।उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रम में कांग्रेस के सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जनता और समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें विशेष रूप से रोजगार और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से 6 सितंबर को आयोजित होने वाले संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी आनंद सिंह बगड़वाल, ताराचंद्र शाह, अख्तर हुसैन, निर्मला कांडपाल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत, नारायण दत्त पांडे, संजय भाटिया, जितेंद्र तिलारा, पंकज मेर, संजय कुमार, कृष्ण चंद जोशी, परितोष जोशी, सुशील बाराकोटी, ललित मोहन जोशी, योगेश चंद्र जोशी, शेखर सिजवाली, हरिश चंद्र उप्रेती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *