अल्मोड़ा-राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय भैसडगांव के जीर्ण-शीर्ण भवन की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजू भट्ट की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिकित्सालय परिसर के आसपास उगी घास-झाड़ियों की सफाई कर सरकार को अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आईना दिखाने का प्रयास किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने चिकित्सालय के बाहर सांकेतिक धरना देकर भवन की दुर्दशा पर रोष जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले राजकीय चिकित्सालय की हालत लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई है।भवन जीर्ण-शीर्ण होने के साथ ही उसके आसपास बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आई थीं।इससे चिकित्सालय परिसर की स्थिति और भी खराब नजर आ रही थी।कार्यकर्ताओं ने स्वयं सफाई अभियान चलाकर सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट ने कहा कि ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।उन्होंने कहा कि चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थान का भवन यदि लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है और उसके आसपास झाड़ियां उगी हुई हैं तो यह सरकारी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाकर केवल परिसर की सफाई नहीं की, बल्कि सरकार को यह संदेश देने का प्रयास किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सरकार से चिकित्सालय भवन की स्थिति का शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख न करना पड़े इसके लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं,सुरक्षित भवन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने जरूरी हैं।उन्होंने सरकार से चिकित्सालय भवन के जीर्णोद्धार अथवा नए भवन के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
सफाई अभियान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक धरना दिया।इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चिकित्सालय की बदहाल स्थिति में सुधार की मांग उठाई गई।कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते चिकित्सालय की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होगी।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, प्रकाश खाती, हीरा मेहरा, लक्ष्मण मेहरा, रणजीत नयाल, श्याम सिंह दोसाद, ग्राम प्रधान माला कैलाश कुमार, न्याय पंचायत अध्यक्ष राहुल कुमार, मनीष चंद, अर्जुन बोरा, भुवन तिवारी, डुगर सिंह, राजू आर्या, महेंद्र सिंह, केसर सिंह, मोहन सिंह, नंदन सिंह और अजय अधिकारी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *