अल्मोड़ा-जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर एसओजी और कोतवाली अल्मोड़ा की संयुक्त टीम ने एक आदतन स्मैक तस्कर को 8.02 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार 600 रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पंचायत भवन गरगूठ के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.02 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव बिष्ट उर्फ डांसर (28), पुत्र बलवंत सिंह, निवासी ग्राम गरभनार, सरकार की आली, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024, 2025 और 2026 के मामले शामिल हैं। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और इससे जुड़े आगे-पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी के अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, कांस्टेबल राकेश भट्ट, राकेश खेतवाल तथा कोतवाली के कांस्टेबल सुंदर लाल और सूरज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *