अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशानुसार दिनांक 17.11.2026 को थाना धौलछीना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के दुर्गम बेलवाल गांव में करीब 7-8 किलोमीटर पैदल पहुंचकर थाना दिवस का आयोजन किया गया।इस दौरान थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश बोरा द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उनके निराकरण एवं सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, QR कोड स्कैम, OTP फ्रॉड, ATM धोखाधड़ी, फिशिंग एवं अनजान लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक एवं फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने तथा OTP, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने एवं मजबूत पासवर्ड रखने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।ग्रामीणों को महिला एवं बाल अपराध, बाल विवाह तथा नशे के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अपराध की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की जानकारी भी दी गई।इस दौरान गांव में ग्राम सुरक्षा समिति का पुनर्गठन कर ग्रामीणों को गांव की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा गांव में निवासरत 92 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक  गोपाल सिंह मलवाल एवं पुलिस विभाग में नियुक्त एक कर्मचारी की माताजी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *