

अल्मोड़ा-देशभर में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण तथा भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी के विरोध में अल्मोड़ा कांग्रेस ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज के नेतृत्व में प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर इन सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।इस दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में एकत्रित हुए एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की तरफ से भी राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।ज्ञापन में कहा गया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि आज देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा भारी मानसिक तनाव और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं।एक के बाद एक पेपर लीक होने और परीक्षाओं के निरस्त होने की घटनाओं ने युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठाना शुरू कर दिया है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी पहले से ही देश की बड़ी समस्या बनी हुई है और ऐसे में भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य को और अधिक संकट में डाल रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार इन गंभीर मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के बावजूद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले बुलंद हैं।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का विश्वास पूरी भर्ती व्यवस्था से समाप्त हो जाएगा।भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।कई अभ्यर्थी आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कोचिंग, अध्ययन सामग्री और अन्य संसाधनों पर भारी खर्च करते हैं,लेकिन जब परीक्षा से पहले या बाद में प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आती है अथवा परीक्षा रद्द कर दी जाती है, तो उनकी मेहनत और उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचता है।उन्होंने कहा कि यह स्थिति युवाओं के साथ अन्याय के समान है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण युवाओं का मनोबल टूट रहा है।कई अभ्यर्थी मानसिक अवसाद का शिकार हो रहे हैं और भविष्य को लेकर चिंता में डूबे हुए हैं।उन्होंने कहा कि रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए यह स्थिति बेहद पीड़ादायक है।सरकार को चाहिए कि वह युवाओं की भावनाओं को समझते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी,निष्पक्ष और समयबद्ध बनाए।ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि देशभर में हुए प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों की स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि भर्ती परीक्षाओं के संचालन में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए।कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पार्टी आगे भी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनाए रखेगी।उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से किसी भी कीमत पर मुंह नहीं मोड़ा जा सकता।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति तक भेजे गए ज्ञापन के माध्यम से युवाओं की आवाज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचेगी और इस गंभीर विषय पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के अधिकारों और रोजगार के अवसरों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।ज्ञापन देने वालो में अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज,महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, परितोष जोशी,केवल सती, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, पार्षद वैभव पांडे, पार्षद गुंजन चम्याल, दिनेश पिलख्वाल, निर्मल रावत, पार्षद अनूप भारती, मनोज वर्मा, गोविंद सिंह मेहरा, कमल पंत, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, एन डी पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडे शामिल रहे।सोमेश्वर में ब्लॉक प्रभारी अमरजीत भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार (पल्युड़ा), लीला बोरा, हेमन्त कुमार, कैलाश कुमार, विजय सिजारी, राहुल आर्या, केशर सिंह बिष्ट, राजेन्द्र बोरा, भगवंत गिरी, रमेश गिरी, शंकर गिरी, प्रकाश राम, भगवंत राम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हवालबाग में ब्लॉक अध्यक्ष हवालबाग द्वितीय शिवराज नयाल,ब्लॉक अध्यक्ष हवालबाग प्रथम आनन्द विष्ट,बलॉक प्रभारी दिनेश पिलख्वाल,पंकज पाठक, युधिष्ठिर बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य कुन्दन राम,रविन्द्र मस्युनी, हरेन्द्र रावत, आशुतोष कनवाल,चन्दन भोज, देव सिंह भोजक, कैलाश तिवारी, हरीश चन्द्र कोहली, मुनावर, विनोद विष्ट, गोविन्द विष्ट, राजू खोलिया, गोपाल राम, हेम पाठक, पान सिंह, दीपू बोरा आदि उपस्थित थे।मचखाली में राजेंद्र, प्रताप सिंह, कुंदन सिंह परिहार,देवेंद्र बिष्ट, पान सिंह बिष्ट,जीवन सिंह, गौरव अधिकारी, कुंवर सिंह, अमित सिंह आदि उपस्थित रहे।




