अल्मोड़ा-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चौघानपाटा में राहुल गांधी का पुतला दहन किया।कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए टिप्पणी पर अपना विरोध दर्ज कराया। राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अजीत डोभाल समेत अन्य नेताओं का उल्लेख करते हुए कई आरोप लगाए थे।भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि अजीत डोभाल ने लंबे समय तक देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर सार्वजनिक चर्चा के दौरान राजनीतिक दलों और नेताओं को तथ्यों तथा जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए।राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे व्यक्ति के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण व्यक्तित्व हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।उन्होंने राहुल गांधी से अपनी टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग की।भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने कहा कि अजीत डोभाल लंबे समय से राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर सार्वजनिक संवाद में संयम और मर्यादा आवश्यक है।भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की आलोचना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में लगाए जाने वाले गंभीर आरोपों के लिए प्रमाण और तथ्य आवश्यक हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए कहा कि अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी का वे विरोध जारी रखेंगे।प्रदर्शन में मेयर अजय वर्मा, प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, नवीन बिष्ट, पूनम पालीवाल, मनोज जोशी, संदीप श्रीवास्तव, पंकज भाकुनी, अमित बिष्ट, राहुल आर्या, दीपा अधिकारी, शैलेंद्र साह, मनीष जीशी, रमेश धपोला, नीरज सांगा, पंकज रौतेला, मनोज लटवाल, गौरव भंडारी, सुधीर आर्या, राजेंद्र बिष्ट, मुकेश भट्ट, शुभम रौतेला, वरुण कपकोटी, अशोक कनवाल, नमन गुरुरानी, चंदन बहुगुणा, दीपक भंडारी, कन्हैया बिष्ट, राहुल बिष्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *