अल्मोड़ा-लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता के घेराव और कथित अभद्रता की घटना के विरोध में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने शनिवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ईई से अभद्रता मामले पर लोनिवि कर्मचारी, अधिकारी लामबंद हो गए हैं। कर्मचारियों ने मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर जनपद के विकास कार्य ठप करने की चेतावनी दी है। प्रांतीय खंड कार्यालय परिसर में आयोजित आपात बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि गुरुवार को कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता का घेराव किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। कर्मचारियों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया और प्रचार पाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता की जा रही है, जिसका विभागीय कर्मचारी पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले तीन दिनों तक सभी अधिकारी और कर्मचारी बांह पर काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारी संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर जनपद के विकास कार्य भी प्रभावित किए जा सकते हैं। बैठक में अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, कुंदन गिरी गोस्वामी, भुवन चंद्र जोशी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा सहित विभाग के अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *