अल्मोड़ा-उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शनिवार को अल्मोड़ा में अपने नए जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं,जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी ने यूकेडी की बढ़ती सक्रियता का संदेश दिया।
नए जिला कार्यालय का उद्घाटन यूकेडी के संरक्षक एवं वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी,द्वाराहाट के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी तथा युवा मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय मंत्री मुन्ना गोस्वामी,जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी समेत अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।समारोह का मुख्य आकर्षण अल्मोड़ा के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला का उत्तराखंड क्रांति दल में शामिल होना रहा।पिछले एक दशक से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय विनय किरौला ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ यूकेडी की सदस्यता ग्रहण की।उनके साथ नगर निगम पार्षदों,ग्राम प्रधानों,पूर्व सैनिकों,युवाओं, महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी दल का दामन थामा जिससे कार्यक्रम एक बड़े जनसमर्थन प्रदर्शन में बदल गया।इस दौरान काशी सिंह ऐरी ने कहा कि विनय किरौला जैसे कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का दल से जुड़ना इस बात का संकेत है कि प्रदेश का युवा अब उत्तराखंड की मूल भावना और क्षेत्रीय अस्मिता की राजनीति को समझ रहा है।उन्होंने कहा कि यूकेडी राज्य आंदोलन की मूल अवधारणाओं और जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रही है।पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि नया जिला कार्यालय केवल एक भवन नहीं बल्कि उत्तराखंड के विकास,पलायन, रोजगार और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष का केंद्र बनेगा।वहीं कुलदीप रावत ने इसे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी राज्य के स्वाभिमान की लड़ाई को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा में मिल रहा जनसमर्थन संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है और आने वाले समय में यूकेडी जनता के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी।सदस्यता ग्रहण करने के बाद विनय किरौला ने कहा कि वे पिछले दस वर्षों से क्षेत्रीय विकास,ग्रामीण उत्थान और पहाड़ के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ही ऐसा राजनीतिक मंच है जो राज्य गठन के मूल उद्देश्यों और पहाड़ की जनता के हितों को प्राथमिकता देता रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूकेडी के साथ मिलकर अल्मोड़ा और पूरे उत्तराखंड के विकास के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान नगर निगम पार्षद कमला किरौला,प्रधान संजय सिंह कनवाल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ से गोविंद कनवाल पाखुड़ा, नौगांव कांकड़ीघाट के मनोहर सिंह परिहार, सूरज सिंह कपकोटी, नैणी बाराकोट के ग्राम प्रधान दिनेश कुमार, सल्ला की ग्राम प्रधान सरिता देवी, बल्टा से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी जीवन सिंह बिष्ट सहित सैकड़ों लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और बड़ी संख्या में नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने को यूकेडी के लिए अल्मोड़ा जिले में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी समय में यह घटनाक्रम जिले की क्षेत्रीय राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *