अल्मोड़ा-आगामी 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले मां नंदा देवी मेले को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर रूट एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर तिराहे तक यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया गया है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का प्रयोग करने की अपील की है।डायवर्जन प्लान के अनुसार दन्या और पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा अथवा हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी चौपहिया वाहन एनटीडी तिराहा,धारानौला और करबला होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वहीं बागेश्वर से अल्मोड़ा आने वाले चौपहिया वाहन एनटीडी से धारानौला-करबला अथवा एनटीडी से लक्ष्मेश्वर-पांडे खोला मार्ग से जाएंगे।एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर की ओर जाने वाले चौपहिया वाहनों का प्रातःकालीन आवागमन पूर्व की भांति रहेगा,जबकि शेष मेला अवधि में मेला समाप्ति तक इस मार्ग पर चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।दोपहिया वाहनों के लिए भी शिखर से साई मंदिर तथा साई मंदिर से शिखर के बीच शाम 4:30 बजे से मेला समाप्ति तक आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।पूर्व में एलआर साह रोड पर आवागमन की अनुमति प्राप्त स्कूल वाहनों को स्कूल बंद होने के समय वापसी में साई मंदिर से शिखर की ओर आने के बजाय एनटीडी की ओर जाना होगा। धारानौला रोड, मॉल रोड और लोअर मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था पूर्व की भांति यथावत रहेगी।मां नंदा-सुनंदा देवी की भव्य डोला यात्रा के दौरान एलआर साह रोड और मॉल रोड पर सभी चौपहिया एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।पुलिस ने चौपहिया वाहनों के लिए जेल कैंप के निकट मोर्चरी के पास अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है। वहीं दोपहिया वाहनों के लिए शिखर तिराहे के पास भैरव पार्किंग निर्धारित की गई है।अल्मोड़ा पुलिस ने नगर में आने वाले वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आम लोगों और वाहन चालकों से पुलिस का सहयोग करने तथा निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *