अल्मोड़ा-पर्यटन सीजन के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 174 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पर्यटन सीजन को देखते हुए सभी थाना-चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस को व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के क्रम में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की ओर से जिले के प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही नगर क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और पर्यटन स्थलों के आसपास भी लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बढ़ते पर्यटन के बीच सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस ने स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *