अल्मोड़ा-सरकार ने पालिका से वह अधिकार छीन लिए जिनसे आय हो सके। इसके बाद भी अल्मोड़ा नगर पालिका ने अपनी आर्थिकी मजबूत की।आज यह स्थिति है कि पालिका अपने दम पर कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने में सक्षम है। यह बात निवर्तमान पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने पांच साल पूरे होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही।शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पांच साल में नगर को स्वच्छ बनाने के लिए सफल प्रयास किए गए। 15 स्थानों पर अंडर ग्राउंड डस्टबिन और विपरीत परिस्थितियों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने से नगरवासियों को स्वच्छ माहौल दिया गया।अजैविक कूड़े और खाद से पालिका को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया। इसके अलावा विवेकानंद बाल वाटिका,ओपन जिम,हरिप्रसाद टम्टा रैन बसेरा,दुगालखोला मार्ग,प्रकाश व्यवस्था,नाले-नालियों का निर्माण, पेयजल योजना,एबीसी सेंटर,मिनी स्टेडियम की घोषणा और सबसे महत्वूर्ण नगर के नौलों को पुर्नजीवित करने का काम किया।उन्होंने कहा कि कई काम पूरे नहीं हो पाए जो आने वाले दिनों में लोगों के लिए सौगात बनकर सुविधा प्रदान करेंगे।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शासन ने नगर के विकास के लिए सभी निकायों से प्रस्ताव मांगे गए थे। इसके तहत उन्होंने भी छह करोड़ के प्रस्ताव भेजे, लेकिन आज तक प्रस्ताव शासन में लंबित हैं।अफसोस जताया कि शासन से प्रस्ताव पास होते तो नगर के विकास को पंख लगते।इसके अलावा 15वें वित्त की धनराशि स्वीकृत नहीं होने से कई विकासकार्य रोकने पड़े।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग थी। इसे उन्होंने गंभीरता से लिया। नतीजा रहा कि पंचधारा में बहुप्रतिक्षित पार्किंग का कार्य गतिमान है। भैरव मंदिर के पास पार्किंग का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। जीआईसी, केएमओयू स्टेशन, जीजीआईसी के पास पार्किंग का कार्य शुरू हो चुका है। लक्ष्मेश्वर के पास पार्किंग निर्माण किया जा रहा है, जबकि धारानौला में पार्किंग प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *