अल्मोड़ा-कुमाऊं महोत्सव 2026 के चतुर्थ दिवस एवं स्टार नाइट के तृतीय दिवस का आयोजन मंगलवार को उत्साह, संस्कृति और संगीत के रंगों के बीच संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं और सांस्कृतिक प्रेमियों ने भाग लेकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम पार्षद अर्जुन बिष्ट उपस्थित रहे।इस अवसर पर कुमाऊं महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी,विनीत बिष्ट,शमशाद पिथौरागढ़ी, मार्गदर्शक मुराद खान, उपसचिव अनिरुद्ध पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत रैप फाइनल प्रतियोगिता से हुई जिसमें युवा प्रतिभाओं ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा अभी शेष है।इसके बाद हर्षित तिवारी तथा दिशा अकादमी के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोक गायिका स्वाति भट्ट रहीं।अपने लोकप्रिय गीतों सीलामी,दीदी तेरो देवर, टुकुर-टुकुर समेत कई कुमाऊँनी और उत्तराखंडी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उन्होंने समूचे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।स्वाति भट्ट के मंच पर आते ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और लोगों ने उनके गीतों का भरपूर आनंद लिया।इसके अलावा उत्तराखंड के युवा कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हेमंत बिष्ट,गौरव मनकोटी, फ्रीडम हिप हॉप तथा मलंग म्यूजिक की प्रस्तुतियों ने युवाओं के बीच विशेष आकर्षण पैदा किया।आधुनिक संगीत और लोक संस्कृति के समन्वय से सजी इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों तथा दर्शकों की भारी सहभागिता के साथ कुमाऊं महोत्सव 2026 की स्टार नाइट का तृतीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।आयोजकों ने सभी अतिथियों,कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों में भी इसी तरह सहभागिता बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *