

अल्मोड़ा-द्वाराहाट से काँग्रेस विधायक मदन बिष्ट द्वारा आयोजित जनता दरबार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनके परिवार के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी की नगर निगम मेयर एवं पार्षदों ने कड़ी निंदा की है।नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति और उनके परिवार के संबंध में अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं,लेकिन सार्वजनिक मंचों पर इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।नगर निगम पार्षद अर्जुन बिष्ट चीमा ने भी विधायक के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के समक्ष शालीनता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।उन्होंने विधायक मदन बिष्ट से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की।पार्षदों ने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना का स्वागत है लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अपशब्दों का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की अपील की। विधायक के बयान पर रोष व्यक्त करने वालो में नगर निगम मेयर अजय वर्मा, पार्षद अर्जुन बिष्ट चीमा,अमित साह,संजय जोशी,मीरा मिश्रा, ज्योति साह,आशा बिष्ट,पूनम त्रिपाठी,श्याम पांडे,इन्द्रमोहन भंडारी,राहुल जोशी,विजय भट्ट, नेहा टम्टा,पूनम वर्मा,अभिषेक जोशी,देवेश बिष्ट आदि शामिल रहे।
