जागेश्वर/अल्मोड़ा-विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में रविवार को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज कुमार मिश्रा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचकर बाबा जागनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मुख्य ज्योतिर्लिंग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर रुद्राभिषेक किया और लोक कल्याण की कामना की।जागेश्वर धाम पहुंचने पर मुख्य पुजारी महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज ने न्यायमूर्ति मनोज कुमार मिश्रा का रुद्राक्ष माला एवं भगवा शाल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य मंदिर में रुद्राभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया।पूजन के दौरान न्यायमूर्ति ने हनुमान मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, माता पुष्टि देवी तथा केदारनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान में कैलाशानंद महाराज के साथ आचार्य निर्मल भट्ट, आचार्य अभय गौड़, पंडित कमल भट्ट एवं आचार्य ललित भट्ट सहित अन्य विद्वान पुरोहित मौजूद रहे।पूजन के उपरांत मंदिर प्रबंधन समिति जागेश्वर की कार्यवाहक प्रबंधक एवं तहसीलदार ज्योति नपच्याल तथा उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल ने न्यायमूर्ति को जागेश्वर मंदिर समूह की परिक्रमा कराई। इस दौरान उन्हें मंदिर समूह के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पौराणिक महत्व की जानकारी दी गई।न्यायमूर्ति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। इस अवसर पर अल्मोड़ा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *