अल्मोड़ा-मानसरवर एकेडमी ऑफ पर्सनल डेवलपमेंट के तत्वावधान में आयोजित बाड़ेछीना महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन बाड़ेछीना खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता में 12 टीमों ने भाग लिया, जिससे क्षेत्र की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। फाइनल मुकाबले में सनसाइन क्रिकेट एकेडमी बाड़ेछीना ने गोल्जू 11 द्वाराहाट को हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्जू 11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनसाइन एकेडमी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 8.3 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। फाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सनसाइन क्रिकेट एकेडमी की कंचन को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक मनोज तिवारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विजेता टीम को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 5,100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता पर क्षेत्रवासियों ने आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं की सराहना की।
