


अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सतपाल सिंह बिष्ट को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में मानद कर्नल की रैंक तथा एनसीसी में कर्नल कमांडेंट के पद पर नियुक्त किया गया है।राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स वाईएसएम, एसएम, वीएसएम द्वारा 9 जून 2026 को जारी पत्र में यह जानकारी दी गई।पत्र के अनुसार भारत सरकार ने कुलपति प्रो. बिष्ट को उनके कुलपति कार्यकाल की अवधि तक एसएसजे विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के लिए एनसीसी में मानद कर्नल की रैंक एवं कर्नल कमांडेंट का दायित्व प्रदान किया है।यह नियुक्ति भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के आधार पर की गई है।पत्र में कहा गया है कि सशस्त्र बलों में कर्नल कमांडेंट का सम्मान विशिष्ट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदान किया जाता है।इस नियुक्ति से कुलपति का एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों से सीधा जुड़ाव होगा तथा वे विश्वविद्यालय में एनसीसी के प्रशिक्षण,विस्तार और कैडेटों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इसके साथ ही कुलपति से अपेक्षा की गई है कि वे एनसीसी अधिकारियों के चयन, विद्यार्थियों को एनसीसी से जोड़ने,प्रशिक्षण शिविरों एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।उन्हें एनसीसी इकाइयों और समारोहों में भारतीय सेना की परंपराओं के अनुरूप निर्धारित वर्दी और रैंक बैज धारण करने का भी विशेष अधिकार प्रदान किया गया है।एनसीसी महानिदेशक ने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो. (डॉ.) सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में एनसीसी गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना और अधिक सशक्त होगी।
