सोमेश्वर-बढ़ती रसोई गैस कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोमेश्वर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट ने कहा कि एक ओर सरकार नारी शक्ति वंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के सशक्तिकरण का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर गैस के दामों में बढ़ोतरी कर महिलाओं की रसोई पर सीधा असर डाला जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल दिखावटी कार्यक्रमों के जरिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने आगे कहा कि हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में शीर्ष स्थान पर है,इसके बावजूद सरकार महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर गंभीर नहीं दिखती।ऐसे में सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल,जिला पंचायत सदस्य प्रकाश खाती (पल्युड़ा),संतोष कुमार,युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष राहुल आर्या,भुवन दोसाद, श्याम सिंह दोसाद,राजेंद्र बोरा, सुरेश बोरा,रंजीत नयाल,हीरा मेहरा,रंजीत बोरा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि गैस की बढ़ती कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
