अल्मोड़ा-नगर निगम अंतर्गत सेलाखोला वार्ड में मल्ला महल से लगी क्षतिग्रस्त दीवार को लेकर आखिरकार पर्यटन विभाग ने संज्ञान ले लिया है। दीवार में लंबे समय से दरारें आने के कारण स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद वंदना वर्मा ने जिला पर्यटन अधिकारी को इसकी जानकारी देकर तत्काल निरीक्षण एवं मरम्मत कार्य की मांग की थी।शुक्रवार सायं पर्यटन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्षद वंदना वर्मा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दीवार की स्थिति का जायजा लिया गया तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सुधार कार्यों पर चर्चा की गई।पार्षद वंदना वर्मा ने बताया कि दीवार में आई दरारें भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकती थीं, जिसको देखते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा जल्द ही दीवार के सुधारीकरण कार्य को शुरू करने का आश्वासन दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, अवर अभियंता कमल जोशी, सहायक अभियंता हरीश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने भी विभाग द्वारा मामले का संज्ञान लेने पर संतोष जताते हुए शीघ्र कार्य शुरू किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *