
अल्मोड़ा-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद में 16 से 22 नवंबर तक स्कूली वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 19 नवंबर को सोमेश्वर क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अनीता चंद के नेतृत्व में
आरटीओ के प्रवर्तन अधिकारी अखिलेश चौहान के द्वारा जांच के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, वाहन कर और परमिट सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों में प्राथमिक उपचार पेटी (फर्स्ट एड बॉक्स), डस्टबिन, अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा गया।परिवहन विभाग के अनुसार, 16 नवंबर से अब तक अल्मोड़ा जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न अनियमितताओं में करीब 20 स्कूली वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
