अल्मोड़ा-लमगड़ा विकासखंड के सत्यों में कपिलेश्वर-बानरी देवी पंपिंग योजना के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय जल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। लोक सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में होने वाले महोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। महोत्सव के संयोजक और क्षेत्र पंचायत सदस्य दीवान सतवाल ने बताया कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ऐपण प्रतियोगिता, दौड़ और मातृशक्ति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजन माताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ निशुल्क लकी ड्रॉ भी आयोजित किया जाएगा। सतवाल के अनुसार, महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, बारामंडल विधायक मनोज तिवारी और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *