अल्मोड़ा-महिला कल्याण संस्था की ओर से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिको के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष पहल की गई।संस्था की ओर से सैनिको के लिए तैयार की गई 3000 राखियां लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार एवं सूबेदार मेजर सतनाम सिंह को सौंपी गईं।इस दौरान संस्था की महिलाओं ने जवानों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने परिवारों से दूर सरहद पर तैनात सैनिकों के साथ रक्षाबंधन का यह पवित्र पर्व मनाना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।राखियां सौंपे जाने के अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार एवं सूबेदार मेजर सतनाम सिंह ने महिला कल्याण संस्था के इस भावनात्मक प्रयास की सराहना की।उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि संस्था की ओर से भेजी गई राखियां समय पर सरहद पर तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाई जाएंगी,जिससे जवानों को भी रक्षाबंधन के अवसर पर अपनेपन और भाई-बहन के स्नेह का अहसास हो सके।महिला कल्याण संस्था ने अपने संदेश में कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले सैनिकों का योगदान अतुलनीय है।रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी गई ये राखियां केवल धागे नहीं बल्कि देश की बहनों की ओर से जवानों के प्रति स्नेह, सम्मान,विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं। संस्था की महिलाओं ने सभी फौजी भाइयों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह पूरी निष्ठा और साहस के साथ देश की रक्षा करते रहें।इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल,सचिव पुष्पा सती, संरक्षक शांति शाह, प्रचार-प्रसार मंत्री ममता चौहान सहित संस्था की सभी सदस्य मौजूद रहीं।महिलाओं ने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राणों की परवाह किए बिना डटे रहने वाले सैनिकों के प्रति समाज की जिम्मेदारी है कि उनके त्याग और समर्पण को सम्मान दिया जाए।इसी भावना के साथ संस्था लंबे समय से रक्षाबंधन पर सरहद पर तैनात जवानों के लिए राखियां भेजती आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *