अल्मोड़ा-नगर के कुर्मांचल स्कूल के समीप स्थित एक भवन की संकीर्ण गली में बीती रात्रि लगभग 9 बजे एक गाय गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पार्षद अमित साह मोनू तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पार्षद ने तुरंत फायर सर्विस, नगर निगम एवं आपदा कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना पर नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन संकीर्ण गली और आवश्यक संसाधनों के अभाव में गाय को निकालना संभव नहीं हो सका।गाय की स्थिति बिगड़ती देख पार्षद अमित साह मोनू ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात्रि करीब 12 बजे आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची, वहीं नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। संयुक्त प्रयासों से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो देर रात तक जारी रहा।लगातार प्रयासों के बाद लगभग रात्रि 2 बजे गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान पार्षद अमित साह मोनू भी मौके पर डटे रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।रेस्क्यू अभियान की सफलता पर पार्षद ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी जिलाधिकारी और पार्षद नगर निगम आपदा प्रबंधन फायर सर्विस के त्वरित सहयोग की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *