अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में हाल ही में संपन्न हुई महिला रामलीला में सामाजिक कार्यकर्ता गीता मेहरा ने मेघनाथ की भूमिका निभाई जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।विदित हो कि सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पिछले दिनों मल्ला महल में महिला रामलीला का आयोजन किया गया था जिसमें महिलाओं ने रामलीला के पात्रों के रूप में अपनी भव्य प्रस्तुति दी थी। इसी क्रम में महिला रामलीला में सामाजिक कार्यकर्ता गीता मेहरा के द्वारा मेघनाथ के उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों को मंत्र मुक्त करने का कार्य किया गया।मेघनाथ के रूप में गीता मेहरा के अभिनय को दर्शकों की काफी सराहना मिली।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गीता मेहरा ने कहा कि अल्मोड़ा एक सांस्कृतिक नगरी है एवं समय-समय पर हम अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम यहां आयोजित करते रहते हैं।उन्होंने कहा कि हमारे देश की संस्कृति एवं सभ्यता बेहद प्राचीन है।जिसे संजो कर रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे पूर्वजों ने हमारी इस संस्कृति को विरासत स्वरूप हमे सौंपा है इसी तरह हमारा भी फर्ज है कि हम अपनी संस्कृति को सहेज कर अपनी आने वाली भावी पीढ़ी को इसे सौंपे। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की महिलाएं प्रतिभा की धनी है और आज हर क्षेत्र में लगातार अग्रणी पंक्ति में रहती हैं। उन्होंने कहा कि इस महिला रामलीला का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को निखार कर एक उचित मंच प्रदान करना है जिसका आयोजकों द्वारा सफल चित्रण किया गया। उन्होंने कहा कि इस महिला रामलीला को अल्मोड़ा सहित पूरे देश में लोगों ने सराहा और फेसबुक लाइव के माध्यम से विदेश से भी लोगों ने इस महिला रामलीला का आनंद लिया।उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा की विश्व में एक अलग पहचान है।चाहे रामलीलाओं की बात हो,चाहे दशहरे की बात हो,चाहे होलियों की बात हो अल्मोड़ा में महिलाओं के द्वारा संस्कृति से जुड़े हर विशेष अवसर पर अपना अहम योगदान दिया जाता है।इसके साथ ही उन्होंने महिला रामलीला में अभिनय करने वाली समस्त महिला कलाकारों एवं इस महिला रामलीला के आयोजकों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
