अल्मोड़ा-नगर के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में स्थित सीवर टैंक से लंबे समय से गंदा पानी सड़क पर बहने की समस्या से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण जहां एक ओर दुर्गंध फैली हुई है, वहीं दूसरी ओर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।इस गंभीर समस्या को लेकर पार्षद अमित साह ‘मोनू’ एवं पार्षद ज्योति साह ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और तत्काल समस्या के समाधान की मांग उठाई। पार्षदों ने कहा कि यह स्थिति काफी समय से बनी हुई है, इसके विषय में पूर्व में भी दिनांक 05/04/2026 को सीएमओ साहब और नगर निगम का अवगत कराया गया था लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जो बेहद चिंताजनक है।पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालय के परिसर में ही इस तरह की अव्यवस्था साफ तौर पर व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है। उन्होंने नगर निगम की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई और सीवर व्यवस्था को लेकर निगम की उदासीनता के चलते आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।वहीं पार्षद ज्योति साह ने भी इस मुद्दे को जनस्वास्थ्य से जुड़ा बताते हुए कहा कि गंदे पानी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर सीवर टैंक की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस बार त्वरित कार्रवाई करते हुए इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि उन्हें गंदगी और असुविधा से निजात मिल सके। इस अवसर पर पार्षद ज्योति साह,पार्षद अमित साह मोनू, कनिष्ठ अभियंता सीएमओ ऑफिस राजवीर राणा,स्थानीय नागरिक अतुल पांडेय,अनिल पंत,पीयूष पांडेय,योगेश जोशी, शिवम जोशी,अनुज साह,विवेक बिष्ट आदि मौजूद रहे।
