अल्मोड़ा-स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रेडक्रॉस के एक शिष्टमंडल ने शहर कोतवाल योगेश उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्कूली समय में विद्यालयों के आसपास पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई।शिष्टमंडल ने बताया कि सुबह और छुट्टी के समय स्कूलों के बाहर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है।कई स्थानों पर तेज रफ्तार दोपहिया वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए गुजरते हैं,जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।ज्ञापन के माध्यम से रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने मांग की कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय प्रमुख विद्यालयों के बाहर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए,ताकि यातायात को नियंत्रित किया जा सके और बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।साथ ही तेज गति से दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई।शहर कोतवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिष्टमंडल में रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष अजय वर्मा एवं कृष्ण बहादुर सिंह प्रधान विनोद जोशी शामिल रहे।
