अल्मोड़ा-अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए जा रहे हालिया बयानो पर भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं से जुड़े विषयों पर अनावश्यक राजनीतिक माहौल बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।विनीत बिष्ट ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा में यदि कहीं तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या आती है तो सरकार और संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कार्य करते हैं।कुछ छिटपुट घटनाओं के आधार पर पूरी व्यवस्था को विफल बताना उचित नहीं है।राज्य सरकार आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार संसाधन बढ़ा रही है।उन्होंने यह भी कहा कि जो जनप्रतिनिधि स्वयं लगभग 15 वर्षों तक विधायक रहे हों,उन्हें आज सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखना चाहिए।यदि जिले में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी है या स्वास्थ्य ढांचा अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया तो यह कोई एक-दो वर्ष की समस्या नहीं है।इतने लंबे कार्यकाल में स्थायी समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए,इसका जवाब भी जनता जानना चाहती है।नगर अध्यक्ष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना महत्वपूर्ण कदम था,लेकिन उसके ढांचे को मजबूत करना,संसाधन उपलब्ध कराना और विशेषज्ञों की नियुक्ति जैसी प्रक्रियाएं चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ती हैं। वर्तमान सरकार इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।विनीत बिष्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर राजनीति नहीं करती,बल्कि समाधान में विश्वास रखती है।यदि कहीं कमी है तो संवाद और समन्वय के माध्यम से उसे दूर किया जाएगा।उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे अनावश्यक जनांदोलन की चेतावनी देने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सकारात्मक सहयोग दें,क्योंकि यह लड़ाई किसी दल की नहीं,बल्कि आम जनता के जीवन और सुरक्षा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *