

अल्मोड़ा-पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने मानसून के मद्देनज़र धारानौला क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं का जायजा लेने के लिए नगर निगम,लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की बंद नालियों,कलवर्ट,सड़क,सफाई व्यवस्था,पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।इस दौरान क्षेत्र के पार्षद, जनप्रतिनिधि,स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद रहे।रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले नालियों और कलवर्ट की सफाई कराना बेहद आवश्यक है।यदि समय रहते इनकी सफाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान जलभराव,मलबा आने और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बंद नालियों को तत्काल खोला जाए और जहां भी जल निकासी की समस्या है उसका स्थायी समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने चौहान के समक्ष अपनी अनेक समस्याएं रखीं।लोगों ने बताया कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है।इसके अलावा कूड़ेदान की अनुचित स्थिति के कारण दुर्गंध और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।इस पर चौहान ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ेदान को उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा पूरे क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।सिकुड़ा बैंड पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां जमा मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर मलबा जमा रहने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है तथा बरसात में यह स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।इसलिए संबंधित विभाग बिना विलंब मलबा हटाकर पार्किंग को पूरी तरह व्यवस्थित करे।निरीक्षण के दौरान धारानौला से बाजार को जाने वाले मार्ग का भी अवलोकन किया गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि गेट के समीप सड़क क्षतिग्रस्त होने से पैदल यात्रियों और वाहनों को कठिनाई होती है। इस पर रघुनाथ सिंह चौहान ने सम्बन्धित अधिकारियों को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।उन्होंने बंद पड़े कलवर्टों का भी निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी कलवर्टों को तत्काल खोला जाए, जिससे वर्षा का पानी बिना किसी बाधा के निकल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करना मानसून से पहले सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण मामला सार्वजनिक शौचालय का भी सामने आया। स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि धारानौला स्थित सार्वजनिक शौचालय में यूरिन के लिए लोगों से पांच रुपये शुल्क लिया जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चौहान ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल जांच कराने और नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम जनता को बुनियादी सुविधाएं सुलभ और पारदर्शी तरीके से मिलनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल निरीक्षण करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर परिणाम भी दिखाई देने चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो संबंधित विभागों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी संयुक्त निरीक्षण की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का अब समाधान होगा। लोगों ने कहा कि मानसून से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ मौके पर पहुंचे और समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा जिससे उनके शीघ्र निस्तारण की संभावना बढ़ी है।
निरीक्षण के दौरान पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने मानसून से पहले क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष चौहान के द्वारा जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष से भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान उनके साथ पार्षद अर्जुन बिष्ट,पार्षद संजय जोशी, पार्षद गुड्डु भट्ट, जगदीश नगरकोटी,दीपक सिंह बिष्ट,मनोज बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
