

अल्मोड़ा-लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे पूर्व छात्रसंघ उपसचिव,पूर्व में दो बार के सभासद एवं पूर्व जिला योजना समिति के निर्विरोध सदस्य जगमोहन बिष्ट को नगर निगम अल्मोड़ा का मनोनीत पार्षद बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।उनके मनोनयन को संगठन के प्रति वर्षों की निष्ठा,समर्पण और जनसेवा का सम्मान माना जा रहा है।
जगमोहन बिष्ट का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन लंबे समय से जनसेवा के लिए समर्पित रहा है।छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले बिष्ट ने पूर्व छात्रसंघ उपसचिव के रूप में युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।इसके बाद उन्होंने नगर के सभासद के रूप में जनता के बीच रहकर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया।जिला योजना समिति के सदस्य रहते हुए भी उन्होंने जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।भाजपा संगठन में भी जगमोहन बिष्ट ने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका,कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत तालमेल और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने समय-समय पर उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपीं। जिला योजना सदस्य रहते हुए भी उनके द्वारा विकास के कई कार्य किए गए।यही अनुभव और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनके मनोनयन का प्रमुख आधार माना जा रहा है।मनोनीत पार्षद बनाए जाने के बाद जगमोहन बिष्ट ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा पार्टी संगठन का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है,उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि नगर के विकास,स्वच्छता,पेयजल, सड़क,जल निकासी तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और नगर निगम के माध्यम से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।उनके मनोनयन पर भाजपा पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ नगर निगम और आम जनता को मिलेगा।कार्यकर्ताओं ने कहा कि जगमोहन बिष्ट हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहे हैं और अब मनोनीत पार्षद के रूप में वे नगर के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
